कोरबा में कोलमैन प्रतिमा का अनावरण व मिनी गार्डन का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में कोलमैन प्रतिमा का अनावरण व मिनी गार्डन का लोकार्पण


कोरबा में कोलमैन प्रतिमा का अनावरण व मिनी गार्डन का लोकार्पण


कोरबा, 27 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को शहर में कई विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया गया।

प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत ने दर्री बराज पुल के समीप कोलमैन की प्रतिमा का अनावरण किया।

इसके साथ ही सिविल लाइन क्षेत्र में मिनी गार्डन का लोकार्पण भी किया गया। वहीं, पुष्पलता उद्यान के सामने सड़क डिवाइडर प्लांटेशन को भी जनसेवा के लिए समर्पित किया गया।इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित वरिष्ठ पार्षद एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बताया गया कि नगर निगम द्वारा शहर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक ओर जहां स्वच्छता पर फोकस किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर थीम आधारित पेंटिंग, चित्रकारी और लघु उद्यानिकी के माध्यम से शहर को नया रूप दिया जा रहा है।

निगम द्वारा दर्री बराज पुल के पास स्थापित कोलमैन प्रतिमा शहर के आकर्षण का केंद्र बनेगी। वहीं सिविल लाइन में बनाया गया मिनी गार्डन नागरिकों के लिए एक नया हरित स्थल साबित होगा।इसके अलावा, शहर के प्रमुख मार्गों के रोड डिवाइडरों को मल्टीकलर फूलों से सजाया जा रहा है।

सुभाष चौक स्थित पुष्पलता उद्यान से कोसाबाड़ी मार्ग तक इमोजी थीम पर तैयार अंडाकार गमलों में वोगनबेलिया और यूफारविया के रंग-बिरंगे पौधे लगाए गए हैं, जिन्हें भी जनता को समर्पित किया गया।

नगर निगम के इन प्रयासों से कोरबा शहर को एक नई पहचान मिल रही है और नागरिकों को स्वच्छ व सुंदर वातावरण उपलब्ध हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story