सुखनन्दन बंजारे ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई थी : पाण्डेय

WhatsApp Channel Join Now
सुखनन्दन बंजारे ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई थी : पाण्डेय


रायपुर, 3 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय ने युवा व ऊर्जावान पत्रकार सुखनन्दन बंजारे के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए इसे पत्रकारिता जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता पाण्डेय ने अपने शोक संदेश में कहा कि, युवा पत्रकार सुखनन्दन बंजारे ने बहुत ही कम उम्र में अपनी निष्पक्ष, बेबाक और जनसरोकार की पत्रकारिता के दम पर समाज में एक खास पहचान बनाई थी। वे एक सजग और ऊर्जा से लबरेज पत्रकार थे, जिनमें आगे बढ़ने और समाज को आईना दिखाने का एक अद्भुत जज्बा था। पाण्डेय ने एक प्रतिभावान युवा पत्रकार का इस तरह चले जाना छत्तीसगढ़ के मीडिया जगत के लिए एक बड़ा शून्य छोड़ गया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।

पाण्डेय ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस कठिन समय में उनके माता-पिता, परिजनों व पत्रकार साथियों को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति व सम्बल प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक हेमन्त पाणिग्रही सहित सभी सदस्यों ने भी बंजारे के निधन पर गहन शोक व्यक्त करते हुए अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story