बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, धान और सब्जियों की फसल पर संकट

WhatsApp Channel Join Now
बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, धान और सब्जियों की फसल पर संकट


बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, धान और सब्जियों की फसल पर संकट


धमतरी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले तेज हवा, आंधी और बारिश के कारण धान की फसल खेतों में गिर गई थी। किसान गिरे हुए धान के पौधों को समेटकर गठरी बनाने में जुटे थे, लेकिन दोबारा हुई बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

खेतों में नमी बढ़ने से गिरी हुई धान की फसल में कीट और बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। किसानों के अनुसार, खेतों में लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक धान की फसल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है। पहले ही कीट-व्याधियों की मार झेल चुके किसान अब मौसम की दोहरी मार से परेशान हैं। किसानों का कहना है कि ऐसी विकट परिस्थिति में कृषि विभाग की ओर से आवश्यक मार्गदर्शन और सलाह देने के लिए कोई नहीं पहुंच रहा है। वहीं, बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश से सब्जियों की फसल भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। बाजार में सब्जियों की आवक घटने से कीमतों में तेजी आ गई है। धनिया पत्ती 200 रुपये किलो, पत्तागोभी 40 रुपये किलो, फूलगोभी 60 रुपये किलो और टमाटर 50 रुपये किलो तक बिक रहे हैं। अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़े हुए हैं।

सेवानिवृत्त प्रधानपाठक रामकुमार पटेल, बिसहत पटेल, ईशु पटेल, लिलेश्वर पटेल और हुलास पटेल सहित किसानों ने बताया कि बारिश के कारण सब्जियों के पौधों में लगे फूल बड़ी मात्रा में झड़ गए हैं और पत्तियों में कीट लगने लगे हैं। इससे सब्जियों के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है। किसानों का मानना है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो आने वाले दिनों में सब्जियों की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से कुरूद अनुविभाग में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण पककर तैयार हो रही धान की फसल खेतों में बिछने लगी है। इससे खरीफ फसल की कटाई की तैयारी कर रहे किसानों की चिंता बढ़ गई है। पहले से ही कीट-व्याधियों की समस्या से जूझ रहे किसानों को अब बारिश के कारण उत्पादन प्रभावित होने का डर सता रहा है। खेतों में पानी भरने और धान की बालियां भीगने से फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ने की आशंका है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769049 Articles

Share this story