कटघोरा के जंगल में हाथियों की मस्ती का अनोखा नजारा, तालाब में 16 हाथियों ने की जलक्रीड़ा

WhatsApp Channel Join Now
कटघोरा के जंगल में हाथियों की मस्ती का अनोखा नजारा, तालाब में 16 हाथियों ने की जलक्रीड़ा


कटघोरा के जंगल में हाथियों की मस्ती का अनोखा नजारा, तालाब में 16 हाथियों ने की जलक्रीड़ा


कोरबा, 26 जून (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कटघोरा वनमंडल से वन्यजीवों का एक बेहद मनमोहक और दुर्लभ दृश्य सामने आया है। वनमंडल के एतमानगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत गुरसिया परिसर के बांस प्लॉट कक्ष क्रमांक पी-456 में बने तालाब में 16 हाथियों का दल एक साथ जलक्रीड़ा करता नजर आया। हाथियों के इस अनोखे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार काे तेजी से वायरल हो रहा है और वन्यजीव प्रेमियों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथियों का पूरा दल तालाब में उतरकर पानी में अठखेलियां कर रहा है। दल में छोटे-छोटे शावक भी शामिल हैं, जो बड़े हाथियों के साथ पानी में खेलते और मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। प्राकृतिक वातावरण में हाथियों का यह दृश्य लोगों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं है।

जलक्रीड़ा के दौरान कुछ विशालकाय हाथी तालाब से बाहर निकलकर अपनी सूंड़ से सूखी मिट्टी और धूल उड़ाकर पूरे शरीर पर डालते भी दिखाई दिए। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इसे 'डस्ट बाथ' (धूल स्नान) या 'मड बाथ' (मिट्टी स्नान) कहा जाता है। हाथी ऐसा अपनी त्वचा को ठंडा रखने, तेज धूप से बचाव करने, मच्छरों और अन्य कीड़ों से सुरक्षा पाने तथा त्वचा की प्राकृतिक रक्षा के लिए करते हैं। यह उनकी प्राकृतिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

तालाब में एक साथ 16 हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में भी उत्सुकता का माहौल है। कई लोग इस दुर्लभ नजारे को देखने के लिए मौके की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हालांकि, वन विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हाथियों के दल के पास जाने या उन्हें देखने के लिए जलाशय के आसपास भीड़ न लगाएं। हाथी किसी भी समय आक्रामक हो सकते हैं, इसलिए सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। वन अमला लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की जनहानि या मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति उत्पन्न न हो।

कटघोरा वनमंडल में हाथियों की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है, लेकिन एक साथ 16 हाथियों का तालाब में जलक्रीड़ा करना और फिर धूल स्नान करते हुए कैमरे में कैद होना बेहद दुर्लभ माना जा रहा है। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग हाथियों की प्राकृतिक जीवनशैली की जमकर सराहना कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story