ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत, पुलिस पहचान करने में जुटी
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के टेंगनमाढ़ा रेलवे स्टेशन के मुख्य ट्रैक पर बीती देर रात ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक का शरीर कई हिस्सों में कटकर अलग हो गया। उसके अंग रेलवे ट्रैक पर करीब 100 मीटर के दायरे में फैल गए। मौके पर पहुंची जीआरपी ने बोरी में शव को भरा।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक से गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने मेन लाइन पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी। जीआरपी पेंड्रारोड की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। मुआयना करने के बाद शव के हिस्सों को ट्रैक से हटवाया। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
मृतक की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। तलाशी के दौरान ऐसा कोई भी दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उसका नाम-पता मालूम हो सके। मृतक युवक केवल नीले रंग की जींस पहने हुए है। जीआरपी ने आसपास के ग्रामीणों और आम जनता से अपील की है कि अगर इस हुलिये का कोई भी व्यक्ति लापता हो, तो तुरंत सूचित करें। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

