हसदेव नदी के बैराज में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
हसदेव नदी के बैराज में उतराता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी


जांजगीर-चांपा, 04 नवंबर (हि. स.)। जिले में बुधवार सुबह ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी के बैराज के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह की सैर पर निकले ग्रामीणों ने नदी के पानी में शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ग्राम कुदरी के कुछ ग्रामीण हसदेव नदी बैराज के आसपास घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे एक युवक के शव पर पड़ी। अचानक शव दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को दी और चांपा पुलिस को घटना से अवगत कराया। ग्राम पंचायत से जुड़े सरपंच पति आरके यादव ने बताया कि सुबह बैराज के आसपास पहुंचे लोगों ने सबसे पहले शव को देखा था। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का निरीक्षण करने के साथ मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, ताकि उसकी पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य सुराग मिल सके। हालांकि, तलाशी के दौरान ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे मृतक की पहचान हो सके। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल, चांपा भेज दिया। फिलहाल शव को अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की उम्र और अन्य पहचान संबंधी जानकारी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस इसी हुलिए और पहनावे के आधार पर उसकी पहचान कराने में जुटी हुई है। मृतक की तस्वीर आसपास के थानों में भेजी गई है। इसके अलावा विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है, ताकि हाल के दिनों में लापता हुए किसी युवक के परिजनों से संपर्क किया जा सके।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से मृतक की पहचान कराने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति को पीली टी-शर्ट और काली पैंट पहने युवक के संबंध में कोई जानकारी है अथवा उसके किसी परिचित के लापता होने की सूचना है, तो चांपा थाने में संपर्क कर जानकारी दे सकता है। फिलहाल हसदेव नदी बैराज में अज्ञात युवक का शव मिलने की घटना से आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story