अनियंत्रित ट्रैक्टर किराना दुकान में घुसा, महिला की मौत; पति गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
अनियंत्रित ट्रैक्टर किराना दुकान में घुसा, महिला की मौत; पति गंभीर रूप से घायल


जांजगीर चांपा/सारंगढ़, 28 नवंबर (हि. स.)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम मल्दा ब में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित किराना दुकान में जा घुसा, जहां दुकान में बैठे दंपती ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह एक ट्रैक्टर माधोपाली से मल्दा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम मल्दा ब के पास ट्रैक्टर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रैक्टर सीधे सड़क किनारे स्थित एक किराना दुकान में जा घुसा। हादसे के समय दुकान में हेमसेला निषाद अपने पति भरत लाल निषाद के साथ बैठी हुई थीं। अचानक ट्रैक्टर के दुकान में घुसने से दोनों उसकी चपेट में आ गए।

दुर्घटना में हेमसेला निषाद को गंभीर चोटें आईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पति भरत लाल निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल भरत लाल निषाद को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर दुर्घटनाकारित ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद ग्राम मल्दा ब में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story