जगदलपुर : अनियंत्रित स्कार्पियो वाहन पेड़ से टकराई, तीन की मौत ,10 घायल

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर : अनियंत्रित स्कार्पियो वाहन पेड़ से टकराई, तीन की मौत ,10 घायल


जगदलपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के मारडूम थाना क्षेत्र अंर्तगत मेन रोड पर बीती रात अनियंत्रित स्कार्पियो वाहन पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार कई युवक दूर जा गिरे। माैके पर पंहुची मारडूम पुलिस घायलों को पहले लोहंडीगुड़ा अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेकाॅज रेफर किया गया।

मारडूम पुलिस से मिली जनकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के 13 युवक स्कार्पियो में सवार होकर बस्तर घूमने आए थे। सभी पहले विशाखापट्टनम गए, वहां से जगन्नाथपुरी होते हुए दो फरवरी की शाम दंतेवाड़ा पहुंचे। तीन फरवरी को मां दंतेश्वरी के दर्शन करने के बाद वे बारसूर घूमने गए थे। देर रात लौटते समय मारडूम मेन रोड के पास चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और स्कार्पियो मेन रोड किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में रूपेंद्र नेताम, खिलेश्वर नेताम और रामरतन ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई है। अन्य कुछ युवक वाहन में फंस गए थे, जबकि कुछ बाहर जा गिरे। सूचना पर पहुंची मारडूम पुलिस ने देर रात सभी घायलों को लोहंडीगुड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेकाॅज रेफर किया गया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आज बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story