अनियंत्रित फायर ब्रिगेड वाहन क्रूजर पर चढ़ी, चालक की मौत
अलग-अलग सड़क हादसों में दो की जान गई, दो गंभीर घायल
धमतरी, 25 मई (हि.स.)। नगरी-धमतरी मार्ग सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसों का गवाह बना। केरेगांव-गट्टासिली मार्ग के खतरनाक मोड़ पर नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रूजर वाहन पर चढ़ गई। हादसा इतना भीषण था कि अग्निशमन वाहन पूरी तरह क्रूजर के ऊपर जा पहुंचा। दुर्घटना में फायर ब्रिगेड चालक मनोज उर्फ राजू साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायर ब्रिगेड वाहन नगरी से धमतरी की ओर जा रहा था। गट्टासिली मोड़ के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार वाहन सीधे सड़क किनारे खड़ी क्रूजर से जा टकराया। जोरदार टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायल कंडक्टर को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जबकि चालक राजू साहू को मृत घोषित कर दिया गया। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन बहाल किया गया।
इधर, डोंगाडुला के पास हुए एक अन्य सड़क हादसे में माेटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार छिपली निवासी वीरेश पटेल (16) और दीपक विश्वकर्मा माेटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डोंगाडुला से आगे उनकी माेटरसाइकिल किसी वाहन से टकरा गई और सड़क किनारे लगे तार के घेराव में फंसकर अनियंत्रित हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को नगरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में वीरेश पटेल ने दम तोड़ दिया, जबकि दीपक विश्वकर्मा का उपचार जारी है। दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। नगरी पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

