अनियंत्रित कार खेत में घुसी, रायपुर के दो सवार घायल
धमतरी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जा घुसी। हादसे में दो सवार कार में फंस गए थे, जिन्हें गंभीर हालत में निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों सवार रायपुर निवासी है। वहीं दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साेमवार को दोपहर रायपुर निवासी शिवम मिश्रा और अनिल अग्रवाल दोनों कार में सवार होकर रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे थे, तभी नेशनल हाईवे 30 बायपास में ग्राम मुजगहन व बागतराई के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से गिरकर सीधे खेत में चले गए। हादसा में कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं दोनों सवार कार में ही फंसे हुए थे। घटना पर राहगीरों और ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो लोगों ने एंबुलेंस चालकों को इसकी खबर दी। लोगों ने कार में फंसे व्यक्तियाें को बाहर निकालकर उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना में कार की स्थिति को देखकर आशंका है कि पलटने या किसी दूसरे वाहन की ठोकर पड़ने से यह स्थिति बनी हुई है। फिलहाल घटना कैसे हुई है, यह स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

