15 अगस्त को जिले में लगेगा उल्लास महाचौपाल, साक्षरता अभियान को मिलेगी नई रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
15 अगस्त को जिले में लगेगा उल्लास महाचौपाल, साक्षरता अभियान को मिलेगी नई रफ्तार


15 अगस्त को जिले में लगेगा उल्लास महाचौपाल, साक्षरता अभियान को मिलेगी नई रफ्तार


धमतरी, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत उल्लास महा चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नवसाक्षरों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष अबिनाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य जिले के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाकर शिक्षा के माध्यम से सामाजिक विकास को गति देना है।

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के जिला परियोजना अधिकारी खेमेंद्र कुमार साहू ने बताया कि, इस आयोजन के तहत 14 अगस्त को साक्षरता रैली निकाली जाएगी। इसके माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व और साक्षरता अभियान से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद आयोजित महाचौपाल में नवसाक्षर अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे। उन्होंने बताया कि, कार्यक्रम में उल्लास दीवाल का अनावरण, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और साक्षरता शपथ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story