बलरामपुर जिला अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए यूडीआईडी कैंप

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर जिला अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए यूडीआईडी कैंप


बलरामपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र) कैंप आयोजित किया गया। शिविर में 57 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिला अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष यूडीआईडी कैंप लगाया गया। शिविर का उद्देश्य पात्र बच्चों का विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र बनाकर उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

कैंप में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे 57 बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय मूल्यांकन किया। इसके बाद नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि प्रत्येक पात्र बच्चे का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण परीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और आसानी से मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story