ग्राम अमेठी में दो गेहुंआ सांपों का सफल रेस्क्यू, सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
ग्राम अमेठी में दो गेहुंआ सांपों का सफल रेस्क्यू, सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने बचाई जान


धमतरी, 16 मार्च (हि.स.)।धमतरी जिले के ग्राम रुद्री निवासी सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने सोमवार को ग्राम अमेठी में आबादी क्षेत्र में विचरण कर रहे दो गेहुंआ सांपों का सफल रेस्क्यू किया। ग्रामीणों द्वारा फोन के माध्यम से सूचना मिलने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक दोनों सांपों को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उन्हें जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने बताया कि प्रकृति में हर जीव का अपना अलग महत्व होता है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सांपों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए किसी भी स्थिति में सांपों को मारना नहीं चाहिए, बल्कि सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में लोग अक्सर सांपों को अपना दुश्मन मान लेते हैं और डर के कारण उन्हें मार देते हैं, जो कि गलत है। सूर्यकांत साहू पिछले कई वर्षों से धमतरी शहर सहित आसपास के गांवों, कार्यालयों और आबादी क्षेत्रों में सांप निकलने की सूचना मिलने पर एक फोन पर पहुंचकर उनका रेस्क्यू करते हैं। वे सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ देते हैं, ताकि मानव और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रह सकें।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 से उन्होंने सांपों को बचाने का अभियान शुरू किया। शुरुआती दिनों में परिवार के विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। इंटररेट मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से सांपों के बारे में जानकारी हासिल की और जहरीले सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की तकनीक सीखी। रेस्क्यू के दौरान कई बार बिना जहर वाले सांपों ने उन्हें काटा भी है, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार इस कार्य में जुटे हुए हैं।

सूर्यकांत साहू ने बताया कि अब तक वे पांच हजार से अधिक सांपों का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचा चुके हैं और उन्हें सुरक्षित जंगलों में छोड़ चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाएं, बल्कि सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप और इंसान दोनों सुरक्षित रह सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story