छिंदावाड़ा की दो छात्राएं नेशनल विज्ञान, प्रौद्योगिकी व नवाचार क्विज 4.0 में चयनित

WhatsApp Channel Join Now
छिंदावाड़ा की दो छात्राएं नेशनल विज्ञान, प्रौद्योगिकी व नवाचार क्विज 4.0 में चयनित


जगदलपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। आदिवासी बाहुल्य बस्तर अंचल की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय पटल पर अपनी वैज्ञानिक सोच और मेधा का लोहा मनवा रही हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छिंदावाड़ा दरभा की दो होनहार छात्राओं लक्ष्मी भारद्वाज कक्षा 12वीं और गौरी नाग कक्षा 10वीं ने प्रतिष्ठित नेशनल विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार क्विज 4.0 में चयनित होकर पूरे क्षेत्र के साथ ही राज्य का नाम रोशन किया है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत गुजरात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के सम्मान स्वरूप गुजरात सरकार की ओर से दोनों छात्राओं को विशेष पुरस्कार के रूप में टैबलेट प्रदान किए गए हैं। छात्राओं की इस शानदार कामयाबी पर बस्तर के कलेक्टर आकाश छिकारा ने बुधवार काे दोनों मेधावी छात्राओं को कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं की वैज्ञानिक जिज्ञासा और लगन की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा भविष्य में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

यह सफलता विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाएं भी देश के शीर्ष मंचों पर अपनी चमक बिखेर सकती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. असद अहमद, उप प्राचार्य मुकुल तथा छात्राओं के मेंटर राहुल वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनके भीतर सीखने की ललक को इस सफलता का श्रेय दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760867 Articles

Share this story