साईं मंदिर से दो किलो चांदी का छत्र व नगदी चोरी, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग, 26 फ़रवरी (हि.स.)। दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में अज्ञात चोरों ने गार्ड के साथ मारपीट कर चाेरी की वारदात को अंजाम दिया है। चाेराें ने कटर मशीन से सभी ताले काटकर साईं बाबा का करीब दाे किलो वजनी चांदी का छत्र, अन्य पूजन सामग्री और नगदी चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी आज गुरुवार काे सुबह करीब 5 बजे उस समय सामने आई जब मंदिर के पुजारी आरती के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार और अन्य ताले टूटे हुए थे, जिसके बाद तुरंत मंदिर ट्रस्ट को इसकी सूचना दी। इसके बाद ट्रस्टियों ने भिलाई कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सघन जांच-पड़ताल की। वहीं मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चार आरोपित कटर मशीन से ताले काटते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं घायल गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है और आसपास की बस्तियों में भी पूछताछ की जा रही है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपिताें की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही आराेपिताें काे गिरफ्तार करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

