हार्वेस्टर व ट्रेक्टर में दबने से दो की दर्दनाक मौत

WhatsApp Channel Join Now
हार्वेस्टर व ट्रेक्टर में दबने से दो की दर्दनाक मौत


हार्वेस्टर व ट्रेक्टर में दबने से दो की दर्दनाक मौत


धमतरी, 14 मई (हि.स.)। चलती ट्रेक्टर के अचानक रिवर्स होने से पीछे में लगे हार्वेस्टर के चक्का की चपेट में आने से हार्वेस्टर मालिक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में ट्रेक्टर में दबने से एक महिला की भी दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही मामले में पुलिस जांच में जुट गई है।

जिला अस्पताल स्थित पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रींवागहन निवासी सत्यवान साहू ने पुलिस को बताया कि उनके घर में हार्वेस्टर है, जो पिछले दो दिनों से खराब हो गया था। 13 मई को मिस्त्री ने सुधार किया। इसके बाद उनके पिता लालाराम साहू 50 वर्ष ट्रैक्टर लेकर खेत गए। चैन वाले हार्वेस्टर को ट्रैक्टर में लोड करने के बाद वह स्वयं ट्रैक्टर चला रहा था, तभी ट्रैक्टर चढ़ाव में रिवर्स हो गया। जिससे ट्राला में बैठे उनके पिता लालाराम हार्वेस्टर के चक्का में दब गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। तत्काल उपचार के लिए मसीही अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां डाक्टर ने जांच के बाद रात 10.30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ट्रेक्टर के नीचे बैठी महिला की दबने से मौत

इसी तरह एक अन्य घटना में 13 मई को सेवती बाई साहू पति नंदू साहू ग्राम सरकड़ा,थाना पाण्डुका जिला गरियाबंद अपने मायके ग्राम खिसोरा आई हुई थी। शाम को रबी धान फसल की कटाई करने खेत गई हुई थी। करीब सात बजे अचानक तेज आंधी तूफान शुरू हुई तो एक अन्य महिला के साथ वह ट्रैक्टर के नीचे बैठी हुई थी। ट्रेक्टर चालक ने अचानक ट्रैक्टर चालू किया तो एक महिला किसी तरह बाहर निकल गई, लेकिन सेवती साहू निकल नहीं पाई और वह ट्रैक्टर के चक्का में दब गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्वजन तत्काल उपचार के लिए उन्हें राजिम के अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया गया। आरोपित चालक गांव का ही है। इस मामले में करेलीबड़ी चौकी प्रभारी एएसआई राधे श्याम बंजारे ने बताया कि मृतिका का पीएम राजिम में हुआ है। मर्ग जांच डायरी आने पर ट्रैक्टर ड्राइवर व मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story