जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में दो एएसआई को दी गई भावभीनी विदाई, सेवा पूर्ण कर हुए सेवानिवृत्त

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में दो एएसआई को दी गई भावभीनी विदाई, सेवा पूर्ण कर हुए सेवानिवृत्त


जांजगीर-चांपा, 31 जुलाई (हि. स.)। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले दो सहायक उप निरीक्षकों के सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त हो रहे एएसआई रामखिलावन साहू और संतोष केरकेट्टा को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

सेवानिवृत्त एएसआई रामखिलावन साहू कार्यालय अकलतरा के बाद रक्षित केंद्र जांजगीर में पदस्थ थे, जबकि एएसआई संतोष केरकेट्टा थाना नवागढ़ में अपनी सेवाएं दे रहे थे। दोनों अधिकारियों ने पुलिस विभाग में अपने कार्यकाल के दौरान अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

विदाई समारोह में नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क ने दोनों एएसआई को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण दायित्व है। पुलिसकर्मियों का योगदान कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, रीडर-1 एएसआई अश्वनी राठौर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त दोनों एएसआई के कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story