हेरोइन बेचते धमतरी के युवक समेत दो गिरफ्तार
धमतरी , 13 अप्रैल (हि.स.)। हेरोइन बेचते शहर के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपितों के पास से हेरोइन, कार, नकदी सहित 2.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक कार में दो युवक अवैध मादक पदार्थ हिरोइन रखकर बेच रहा है। पुलिस अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे तो युवक कमर रजा (उम्र 28 वर्ष) सदर बाजार धमतरी और मोहम्मद शोएब अख्तर (उम्र 26 वर्ष) केलाबाड़ी दुर्ग थाना पदमनामपुर जिला दुर्ग हेरोइन बेचने ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ा और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ है जिसकी अनुमानित कीमत 47 हजार रुपये है। आरोपित के पास से पुलिस ने एक कार, हेरोइन, नकद 12 हजार रुपये, दो मोबाइल समेत अन्य सामाग्री जब्त कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

