कांकेर में 20 हजार की रिश्वत लेते दो कृषि विस्तार अधिकारी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कांकेर में 20 हजार की रिश्वत लेते दो कृषि विस्तार अधिकारी गिरफ्तार


कांकेर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो ने दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों सुन्दर लाल बच्छड़ और प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने फसल बीमा के तहत राशि निकलवाने के बदले किसान से कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने आज बुधवार काे कार्रवाई करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर एसीबी उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 07 और 12 के तहत कार्रवाई कर रही है।

मामला आमाबेड़ा तहसील के आलनार गांव के निवासी सगाऊ राम कोमरा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, उनकी फसल खराब हो गई थी और इसके लिए फसल बीमा की राशि दिलाने के नाम पर दोनों अधिकारियों ने कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा मांगा था। बीमा राशि 90 हजार रुपये बताई गई है, इस हिसाब से मांगी गई रकम 67,500 रुपये होती है। किसान रिश्वत देने के बजाय दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। इसी मकसद से उसने एसीबी जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने शिकायत सत्यापन सही पाए जाने के बाद टीम ने आज बुधवार काे दोनों आरोपिताें को ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान सुन्दर लाल बच्छड़ और प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर को किसान से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story