जांजगीर-चांपा में चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी बरामद


जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर (हि. स.)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में चाकू दिखाकर युवक से मारपीट और लूटपाट करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने युवक से 700 रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और 200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राहुल उर्फ देव कुमार बरेठ निवासी महुदा ने 24 नवंबर 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 23 नवंबर की शाम काम से पैदल घर लौटते समय ग्राम कुरदा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के पास दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपितों ने चाकू दिखाकर उसके पास रखे रुपये और मोबाइल फोन मांगे। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर 700 रुपये और वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। इसके बाद दोबारा मारपीट करने के लिए दौड़ाया, जिससे वह जान बचाकर वहां से भाग निकला।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत धारा 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास पूछताछ कर आरोपितों की पहचान सुनील यादव और नरोत्तम यादव के रूप में की।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपितों के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और 200 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों में सुनील यादव (21 वर्ष), पिता कार्तिक राम, निवासी जगदल्ला घसिया मोहल्ला सुरागुड़ा और नरोत्तम यादव (31 वर्ष), पिता स्वर्गीय तुलसी यादव, निवासी जगदल्ला वार्ड क्रमांक 26, थाना चांपा शामिल हैं। दोनों आरोपितों को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी एवं थाना चांपा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story