चाकू लेकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, दो अलग-अलग मामलों में धारदार चाकू जब्त
धमतरी, 10 जुलाई (हि.स.)। धमतरी। जिले में चाकूबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भखारा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत थाना भखारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक धारदार चाकू लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से धारदार चाकू जब्त किए। प्रथम मामले में ग्राम भिंडरावनी भाटापारा निवासी 25 वर्षीय नरेंद्र कुमार पटेल के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश करने के बाद आज शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरे मामले में ग्राम भिंडरवानी निवासी 19 वर्षीय मनीष यादव के भिंडरवानी मुक्तिधाम के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमकाने की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे भी घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से भी एक धारदार चाकू जब्त किया गया। आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूमता हुआ दिखाई दे या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि करता नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले, चाकूबाजी करने वाले और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

