कांकेर में युवक पर हंसिया से हमला करने वाले दो आराेपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कांकेर में युवक पर हंसिया से हमला करने वाले दो आराेपित गिरफ्तार


कांकेर, 15 अगस्त (हि.स.)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र में हंसी-मजाक के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर हंसिया से हमला करने के मामले में पुलिस ने आज शनिवार काे दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपिताें उमेश रजक (27) और रोहित रजक (55) को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपित नाकापारा चारामा के रहने वाले हैं।

पुुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चारामा के नाकापारा निवासी गणेश सोनकर (40) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई । उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे रामसत्ता चौक के पास उमेश और सूरज सोनकर समेत कुछ लोग बातचीत और हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान हिमांशु और तिलक भी वहां पहुंच गए और बातचीत में शामिल हो गए। इसी दौरान किसी बात को लेकर उमेश रजक ने तिलक और हिमांशु से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। गणेश सोनकर बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद उमेश रजक और रोहित रजक ने गणेश के साथ भी हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद उमेश रजक ने लोहे के हंसिया से गणेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। गणेश की शिकायत पर चारामा थाने में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू की।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story