जांजगीर-चांपा में घर में घुसकर मारपीट करने वाले दाे आरोपित गिरफ्तार, जेल भेजे गए
जांजगीर-चांपा, 20 मार्च (हि. स.)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज शुक्रवार को दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रलय भरत वसावे (16 वर्ष), निवासी निजामपुर (महाराष्ट्र), हाल मुकाम गनियारी बिलासपुर ने 15 मार्च 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने फूफा राजेश वाल्टर के साथ उनके पैतृक निवास मिशन फाटक के पास आया हुआ था। इसी दौरान कुछ लोग घर के सामने हंगामा कर रहे थे।
पूछताछ करने पर आरोपिताें ने गाली-गलौज करते हुए बैनर-पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाया और जान से मारने की धमकी देते हुए पीड़ित व उसके फूफा के साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की। घटना में राजेश वाल्टर को भी चोटें आईं।
रिपोर्ट के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान घायल का मेडिकल परीक्षण और एक्स-रे कराया गया, जिसमें फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपिताें की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपिताें ने अपना जुर्म कबूल किया और मारपीट में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपिताें में संजीव विश्वकर्मा (35 वर्ष) निवासी लछनपुर चौक केराझरिया, तथा आशीष बरेठ उर्फ सोनू (24 वर्ष) निवासी शंकर नगर वार्ड क्रमांक 27 चांपा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 20 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

