जांजगीर-चांपा : पांच किलो गांजा के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : पांच किलो गांजा के साथ दो आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 21 फरवरी (हि.स.)। जिले में अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध अकलतरा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आज शनिवार को 5 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में एक मुख्य आरोपित के साथ विधि से संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ओडिशा से गांजा लाकर जांजगीर क्षेत्र में खपाने की फिराक में थे।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन अकलतरा के पास दो व्यक्ति गांजा रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही थाना अकलतरा पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल से संपर्क कर संयुक्त टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपिताें के कब्जे से 5.161 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 58 हजार रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपित की पहचान अभिषेक सूर्यवंशी (21 वर्ष), निवासी ग्राम सारागांव, थाना सारागांव, जिला जांजगीर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह पूर्व में शराब संबंधी प्रकरण में जेल जा चुका है।

पूछताछ में आरोपिताें ने गांजा ओडिशा से लाना स्वीकार किया। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में आरोपिताें के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना अकलतरा से निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल मंडल टास्क टीम-1 बिलासपुर के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story