छग : आतंक का पर्याय बने दंतैल हाथी ने दीपावली की रात दो और लोगों की जान ली

WhatsApp Channel Join Now
छग : आतंक का पर्याय बने दंतैल हाथी ने दीपावली की रात दो और लोगों की जान ली


-अब तक कुल 16 लोगों की जान ले ली है

अंबिकापुर/रायपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से अकेले विचरण कर रहे आतंक का पर्याय बने 'कबरा' नामक दंतैल हाथी ने दीपावली की रात दो और लोगों की जान ले ली। इस हाथी ने सूरजपुर जिले के सोनगरा और बतरा क्षेत्र में जनहानि की है।इस अकेले लोनर हाथी ने पिछले छह महीनों में लगातार क्षेत्र बदलते हुए अब तक कुल 16 लोगों की जान ले ली है।

यह घटना रविवार और सोमवार की बीच की रात (8-9 नवंबर 2026) की है। सोमवार सुबह इस घटना की पूरी जानकारी और आधिकारिक पुष्टि सामने आई है।

इस घटना के बाद सूरजपुर के वन मंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने हाथी के हमले से दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस आक्रामक हाथी को नियंत्रित करने के लिए शीघ्र ही ट्रेंकुलाइज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब यह हाथी सूरजपुर जिले के इस नए क्षेत्र में प्रवेश किया है। अंबिकापुर-बनारस राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सोनगरा से लगे श्यामनगर में एक व्यक्ति को कुचलने के बाद यह हाथी लटोरी-बतरा क्षेत्र में प्रवेश कर गया। बतरा से लगे राई के पास इसने दूसरे व्यक्ति को कुचल कर मार डाला।

दीपावली की रात जब लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, तभी यह हाथी दो परिवारों के लिए मातम का कारण बन गया। स्थानीय स्तर पर कबरा के नाम से प्रचलित इस अकेले हाथी ने अभी तक 16 लोगों की जान ले ली है। पिछले सप्ताह ही इस हाथी ने सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में दो लोगों को कुचलकर मार डाला था।

हाथी के हमले से दो लोगों की मौत के बाद प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों में शोक के साथ आक्रोश भी है।उनका आरोप है कि दीपावली के दिन इस हाथी की निगरानी ठीक से नहीं हो रही थी। लोग इसकी आवाजाही को लेकर अनजान थे, इसी कारण जनहानि की घटना हुई। ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथी की पल-पल की लोकेशन की जानकारी मुनादी और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दी जाए और इसे जल्द से जल्द नियंत्रित किया जाए।

हाथी के सोनगरा (श्यामनगर) और लटोरी-बतरा के बीच हाईवे के आसपास विचरण करने के कारण वन विभाग ने इस पूरे रूट पर चलने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। हाथी की अप्रत्याशित मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने बगड़ा-बंशीपुर मुख्य मार्ग पर बैरियर (बैरिकेडिंग) लगाकर आम आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया है ताकि कोई इसकी चपेट में न आए। वर्तमान में धान कटाई और खेतों की रखवाली का समय है, वन विभाग ने प्रभावित गांवों में कड़ाई से मुनादी कराई है कि कोई भी ग्रामीण रात के समय खेतों में बने मचानों पर न सोए और न ही अकेले रखवाली के लिए खेतों की तरफ जाए।

वन अमले के मुताबिक, क्षेत्र में न सिर्फ यह अकेला (लोनर) 'कबरा' हाथी आक्रामक है, बल्कि इसके ठीक पीछे 13 हाथियों का एक और दल भी महान नदी पार कर सोनगरा के जंगलों में दाखिल हो चुका है, जिससे पूरा इलाका हाई अलर्ट पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774330 Articles

Share this story