पुरूर के पास खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, 30 से 35 लाख का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
पुरूर के पास खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, 30 से 35 लाख का नुकसान


पुरूर के पास खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, 30 से 35 लाख का नुकसान


धमतरी, 23 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग में शहर से लगे ग्राम पुरूर के पेट्रोल पंप के पास सोमवार अलसुबह करीब 3:30 बजे एक खड़े ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

आग की लपटें देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही धमतरी से अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार 16 कंपार्टमेंट वाले ट्रक में कच्चा लोहा (आयरन) भरा हुआ था। ट्रक छोटा डोंगर से आयरन लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरूर के पास वाहन में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया।

वाहन मालिक नारायणपुर निवासी रामानंद यादव ने बताया कि ट्रक में आयरन लेकर चालक रायपुर जा रहा था। आधी रात के बाद पुरूर के पास अचानक आग लगने की घटना हुई। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में करीब 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रक का केवल केबिन ही बच पाया, जबकि बाकी पूरा वाहन जल गया। धमतरी से पहुंचे अग्निशमन दल में जिला सेनानी टीम के शितेश पवार, रोहित और वाहन चालक जितेश भंडारी शामिल थे। टीम जब मौके पर पहुंची, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और ट्रक लगभग 80 प्रतिशत जल चुका था। इसके बावजूद जवानों ने तत्परता से प्रयास कर आग पर नियंत्रण पाया। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी शोभा ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। ट्रक में आग काफी फैल चुकी थी, लेकिन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझाई। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781691 Articles

Share this story