आमदई माइंस के पास ट्रक में लगी आग , नहीं हुई काेई जनहानि

WhatsApp Channel Join Now
आमदई माइंस के पास ट्रक में लगी आग , नहीं हुई काेई जनहानि


नारायणपुर, 08 सितंबर (हि.स.)।नारायणपुर जिले के ओरछा मुख्य मार्ग पर आमदई माइंस के पास आज मंगलवार को चलते ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ट्रक का केबिन धू-धू कर जलने लगा। ट्रक में मौजूद चालक और हेल्पर ने सूझ-बूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे दोनों सुरक्षित बच गए।

हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई। बताया गया कि ट्रक नारायणपुर निवासी जयदेव मलिक का है।

मिली जानकारी के अनुसार सीजी-27 -पी-7185 नंबर का ट्रक आमदई माइंस के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन के केबिन में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। चालक और हेल्पर ने खतरा भांपते हुए तत्काल ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ट्रक को आग की लपटों में घिरा देखकर आसपास मौजूद लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तत्काल माइंस के वाटर टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। अन्य ट्रक चालकों ने भी सहयोग किया, काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आमदई माइंस क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में ट्रक में लगी आग यदि समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो आस-पास मौजूद अन्य वाहनों और लोगों के लिए भी खतरा बढ़ सकता था। चालक और हेल्पर के सुरक्षित बचने के साथ ही आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story