संशाेधित: दुकानों में तिरंगे की बढ़ी बिक्री, राष्ट्रीय पर्व के लिए शहर तैयार

WhatsApp Channel Join Now
संशाेधित: दुकानों में तिरंगे की बढ़ी बिक्री, राष्ट्रीय पर्व के लिए शहर तैयार


धमतरी, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में उत्साह और उमंग का माहौल है। राष्ट्रीय पर्व के एक दिन पूर्व आज शुक्रवार को शासकीय व निजी विद्यालयों सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। वहीं बाजार में भी देशभक्ति का रंग नजर आया। कपड़ा दुकानों, जनरल स्टोर्स और अन्य प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे रिबन, बैच, बैंड, फीते, बैनर, तोरण-पताका और हैंड बैंड सहित राष्ट्रध्वज से जुड़ी सामग्री की जमकर बिक्री हुई।

शहर की दुकानों पर लोग अपनी जरूरत के अनुसार तिरंगे और सजावटी सामग्री खरीदते नजर आए। स्कूलों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तिरंगा कपड़ा, रिबन और अन्य सामग्री की मांग बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले रहे। कपड़ा विक्रेता आर. महावर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री बढ़ जाती है। इसके अलावा वर्षभर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और अन्य कार्यक्रमों में भी तिरंगे की जरूरत पड़ती है। बाजार में अलग-अलग आकार और कीमत के राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध हैं।

सामान्य आकार के तिरंगे की कीमत करीब 100 से 200 रुपये तक है, जबकि आकार बढ़ने के साथ कीमत भी बढ़ जाती है। खादी कपड़े से तैयार तिरंगे को लोग अधिक पसंद करते हैं। इधर, स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विद्यालयों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूल परिसरों की साफ-सफाई के बाद चूने से मार्किंग की गई तथा ध्वजारोहण स्थल के आसपास आकर्षक सजावट की गई। डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमतरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने शाला परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी तरह शिवसिंह शासकीय आदर्श उमावि जोधापुर सहित शहर के विभिन्न विद्यालयों में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। शनिवार को निर्धारित समय पर पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story