पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन


पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन


पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, बलिदान को किया नमन


रक्षित केंद्र रूद्री में शहीद परेड और सलामी के साथ हुआ आयोजन, एसपी भावना पांडेय ने किया बलिदान जवानों के नामों का वाचनधमतरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज बुधवार को रक्षित केंद्र रूद्री में गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इसमें देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया।

उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बलिदानियाें के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने बलिदान जवानों के नामों का वाचन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा। समारोह के दौरान परि. सूबेदार ललिता मरावी एवं तापेश्वर सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड कर वीर जवानों को सलामी दी। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में बलिदान हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। समारोह में 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान बलिदान हुए 154 पुलिस जवानों सहित जिले के बलिदान जवानों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके बलिदान को देश की सुरक्षा, शांति और नागरिकों की रक्षा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण बताया गया। कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय, महापौर रामू रोहरा, अपर कलेक्टर इंदिरा देहारी और एसडीएम कल्पना ध्रुव ने बलिदान जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

अधिकारियों ने संवाद के माध्यम से परिजनों की भावनाओं, समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्राध्यापक चंद्रशेखर शर्मा ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर, होमगार्ड कमांडेंट शोभा ठाकुर, सीएमएचओ आदित्य सिन्हा, सिविल सर्जन अरुण टोंडर, डीपीओ अजय सिंह, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, धमतरी, रूद्री एवं अर्जुनी थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि, शहीद जवानों के परिजन, समाजसेवी, वरिष्ठ नागरिक, सेवानिवृत्त पुलिस पेंशनर्स, सैनिक कल्याण संघ के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

धमतरी पुलिस ने वीर बलिदानियाें के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को आत्मसात करने की प्रतिबद्धता दोहराई। देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर वीरों का त्याग सदैव राष्ट्र की स्मृतियों में अमिट रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story