जांजगीर में 154 शहीद पुलिस जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, नाै बलिदान परिवारों का हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर में 154 शहीद पुलिस जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, नाै बलिदान परिवारों का हुआ सम्मान


जांजगीर में 154 शहीद पुलिस जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, नाै बलिदान परिवारों का हुआ सम्मान


जांजगीर-चांपा, 21 अक्टूबर (हि. स.)। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस लाइन खोखरा-भांठा में बलिदान पुलिस जवानों की याद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया।

कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के 9 बलिदान पुलिसकर्मियों के परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जवानों ने बलिदानियाें के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित परेड में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान बलिदान हुए 154 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद बलिदानियाें की सूची स्मारक पर रखी गई और पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र की कार्रवाई कर शहीदों को सलामी दी। इस दौरान पूरा वातावरण बलिदान जवानों के प्रति सम्मान और श्रद्धा से भर गया।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, कलेक्टर जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांजगीर-चांपा जिले के बलिदान प्रधान आरक्षक रामशंकर पाण्डेय, आरक्षक रामकुमार कश्यप, उपनिरीक्षक लोकेश टंडन, आरक्षक समय लाल कश्यप और उपनिरीक्षक रुद्रप्रताप सिंह के परिवारों को सम्मानित किया।

इसी तरह सक्ती जिले के बलिदान उपनिरीक्षक दीपक भारद्वाज, आरक्षक मनोहर लाल चंद्रा, आरक्षक मनोज कुमार बरेठ और आरक्षक कमलेश कुमार साहू के परिजनों को भी शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान दिया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बलिदान परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम में 11वीं बटालियन पुटपुरा के सेनानी विमल बैस, सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, स्थापना प्रभारी कृष्ण साहू, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा और कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस स्मृति दिवस के इस आयोजन के माध्यम से बलिदान जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई। साथ ही देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल के महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764302 Articles

Share this story