कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण


कोरबा, 13 अगस्त (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गुरुवार को कोरबा के एमपी नगर से रविशंकर नगर मार्ग पर सघन वृक्षारोपण किया गया। नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी-कर्मचारियों सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वन विभाग के सहयोग से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत 18 जुलाई से लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत करना है।

इसी क्रम में एमपी नगर से रविशंकर नगर मार्ग पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पार्षद अब्दुल रहमान, उपायुक्त नीरज कौशिक, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, पूर्व पार्षद मनहरण चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने पौधे लगाए। कार्यक्रम में सुलतान, नंदलाल साहू, हेमंत श्रीवास, राहुल देव श्रीवास, राजेश श्रीवास, संतोष यादव, मनमोहन, फिरतु, गोपी और अमर सिंह सहित अन्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए कहा कि शहर में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से लोगों को प्रकृति से जुड़ने और पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कोरबा को अधिक हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story