कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण, तुलसी एजेंसी से सीएसईबी चौक तक लगाए पौधे

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण, तुलसी एजेंसी से सीएसईबी चौक तक लगाए पौधे


कोरबा, 10 अगस्त (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से कोरबा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगातार वृक्षारोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को टीपी नगर स्थित तुलसी एजेंसी से सीएसईबी चौक तक मुख्य मार्ग पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी-कर्मचारियों ने अभियान में सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थानों पर पौधों का रोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और ‘हरित कोरबा’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वन विभाग के सहयोग से यह अभियान 18 जुलाई से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वृक्षारोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में डॉ. संजय तिवारी, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, संतोष यादव, मनमोहन, फिरतु, गोपी सहित अन्य नागरिकों ने पौधरोपण किया। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नगर निगम का यह अभियान कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story