पर्यावरण संरक्षण व हरियाली को बढ़ावा देने फरसागुडा में 'ट्री एटीएम का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण संरक्षण व हरियाली को बढ़ावा देने फरसागुडा में 'ट्री एटीएम का हुआ शुभारंभ


जगदलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने की दिशा में बस्तर जिले ने एक और अभिनव कदम बढ़ाया है, जिसके तहत वन परिक्षेत्र भानपुरी के अन्तर्गत ग्राम फरसागुडा में शनिवार काे ट्री एटीएम का शुभारंभ किया गया।

पौधों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने और लोगों को वृक्षारोपण के प्रति प्रोत्साहित करने वाली इस अनूठी पहल का शुभारंभ मुख्य अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत बस्तर वेदवती कश्यप के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने निशुल्क पौधा वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि प्रकृति की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक-एक पौधा लगाकर और उसका संरक्षण कर हम आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं हरित भविष्य दे सकते हैं। आइए, 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को जन-आंदोलन बनाएं।यह पहल लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करने और एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें मुख्य रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान, बस्तर के वन मंडलाधिकारी उत्तम कुमार गुप्ता और उप वनमंडलाधिकारी आईपी बंजारे शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में भानपुरी के वन परिक्षेत्र अधिकारी लालसाय मरकाम, वन परिक्षेत्र अधिकारी रैतूराम मौर्य तथा सहायक परिक्षेत्र अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शुभारंभ समारोह के दौरान क्षेत्र के जनप्रतितिधियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया, जबकि बस्तर एवं भानपुरी रेंज के वन कर्मचारी गण व्यवस्थाओं में जुटे रहे। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने वन विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि 'ट्री एटीएम के माध्यम से आम नागरिकों को सुगमता से पौधे मिल सकेंगे, जिससे न सिर्फ बस्तर की वादियां और हरी-भरी होंगी, बल्कि भविष्य में इस अंचल का पर्यावरण संतुलन भी और अधिक मजबूत होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story