रामलीला के दौरान झुलसे दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी

WhatsApp Channel Join Now
रामलीला के दौरान झुलसे दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी


कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, चिकित्सकों ने बताया- दोनों खतरे से बाहर

धमतरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। नगरी विकासखंड के ग्राम छिपली में रामलीला मंचन के दौरान आगजनी की घटना में झुलसे दो घायलों का जिला अस्पताल धमतरी में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों घायल खतरे से बाहर हैं। अस्पताल प्रबंधन द्वारा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

आज बुधवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामलीला मंचन के दौरान वानर पात्रों की भूमिका निभा रहे हेमंत ध्रुव और दीपांशु सोम आगजनी की घटना में झुलसकर घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम उनकी स्थिति के अनुरूप उपचार और देखभाल कर रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को दोनों घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा है। जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा दोनों घायलों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकतानुसार चिकित्सा सुविधाएं एवं देखभाल उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग घायलों के उपचार को प्राथमिकता देते हुए उनकी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764371 Articles

Share this story