यातायात और मनोरंजन सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार, धमतरी में फोरलेन सड़कें और चौपाटी परियोजना तेज
धमतरी, 03 जून (हि.स.)। शहर के समग्र विकास को नई गति देने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बुधवार को धमतरी की प्रमुख फोरलेन सड़क परियोजनाओं और कांटा तालाब परिसर में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रारंभिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सड़क किनारे आवश्यक पेड़ों की कटाई का कार्य जारी है तथा निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। निर्माण कार्य जून के अंतिम सप्ताह अथवा जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। वहीं सिहावा चौक से कुल्यारी तक करीब 5 किलोमीटर सड़क को भी फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में बढ़ते यातायात दबाव में कमी आएगी, आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार होगा। सड़क चौड़ीकरण के दौरान दोनों ओर आधुनिक पाथ-वे विकसित किए जाएंगे। साथ ही भविष्य में पेयजल पाइपलाइन विस्तार की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अग्रिम व्यवस्था की जाएगी, ताकि बाद में सड़कों की खुदाई से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कांटा तालाब परिसर में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही चौपाटी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित मनोरंजन स्थल उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी। चौपाटी तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक सड़क मार्ग और प्रवेश द्वार निर्माण के संबंध में निजी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सकारात्मक संवाद स्थापित कर सहमति बनाने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर एसडीओ लोक निर्माण मुरलीधर पैकरा, नगर निगम के उपायुक्त पी.सी. सर्वा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि अधोसंरचना विकास के ये कार्य न केवल नागरिक सुविधाओं को मजबूत करेंगे, बल्कि धमतरी को आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य उन्मुख शहर के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

