धमतरी में परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 को

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 19 को


धमतरी, 18 अप्रैल (हि.स.)।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा रविवार 19 अप्रैल को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। एक पाली में होने वाली यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर सवा एक बजे तक संपन्न होगी, जिसमें कुल 5219 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश सुबह नौ बजे से शुरू होकर 10:30 बजे तक ही मान्य रहेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट जैसे किसी एक फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। पहचान पत्र के अभाव में प्रवेश वर्जित रहेगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, उन्हें दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा संचालन के लिए पीजी महाविद्यालय धमतरी के समन्वयक के साथ जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है।

परीक्षा की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं तथा उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रवेश पत्र का सुरक्षित रखें, क्योंकि भविष्य में चयन प्रक्रिया के दौरान इसकी आवश्यकता होगी।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने केंद्र का अवलोकन कर लें ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना आवश्यक है, जिससे फिस्किंग और पहचान सत्यापन समय पर हो सके। ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य है। गहरे रंग के कपड़े, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, पर्स, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित है। परीक्षा कक्ष से प्रारंभ के पहले 30 मिनट और समाप्ति के अंतिम 30 मिनट में बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। उत्तर लिखने के लिए केवल काले या नीले बाल पेन का ही उपयोग करना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story