जांजगीर-चांपा : तेज रफ्तार अशोक लीलैंड वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को मारी टक्कर, एक की माैत, दाे घायल
पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर बिलासपुर के सकरी में पकड़ा
जांजगीर-चांपा, 08 अगस्त (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अशोक लीलैंड वाहन ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसे के बाद फरार हुए दुर्घटनाकारित वाहन को पुलिस ने आज शनिवार काे करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर बिलासपुर के सकरी में पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम राइस मिल श्रमिक सूरज कुमार यादव (26 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीवी 6985 पर मनीष मरावी (25 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा को बैठाकर राइस मिल से अपने घर ग्राम किरारी जा रहा था। इसी दौरान तरौद चौक स्थित सत्य राइस मिल के सामने फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों की मुलाकात दुर्गेश केंवट (21 वर्ष) से हुई। तीनों सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान जांजगीर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अशोक लीलैंड के छह चक्का वाहन क्रमांक जेएच 01 जीए 1987 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए तीनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनीष मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज यादव और दुर्गेश केंवट के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों बेहोश हो गए।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर वाहन रोकने के बजाय उसे तेज रफ्तार से बिलासपुर की ओर लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकलतरा पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे के बाद अकलतरा पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने दुर्घटनाकारित वाहन का पीछा शुरू किया।
पुलिस टीम ने लगातार करीब 150 किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया और बिलासपुर के सकरी स्थित खालसा ढाबा के पास दुर्घटना में शामिल अशोक लीलैंड वाहन क्रमांक जेएच 01 जीए 1987 को पकड़ लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते हादसे के बाद फरार हुआ वाहन अब पुलिस के कब्जे में है।
अकलतरा पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू सहित थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ और डायल-112 टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

