देवपुरी फ्रूट मार्केट के बाहर ट्रैफिक सुधारने बड़ा फैसला, व्यस्त समय में ट्रकों की एंट्री बंद

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 7 अगस्त (हि.स.)। लालपुर ब्रिज चौक और देवपुरी फ्रूट मार्केट क्षेत्र में लगने वाले यातायात जाम को कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और फ्रूट मार्केट समिति के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में एसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर, पचपेड़ी नाका थाना प्रभारी तथा देवपुरी फ्रूट मार्केट के अध्यक्ष सचिन चौधरी, सचिव और अन्य प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने लालपुर ब्रिज चौक से फ्रूट मार्केट तक जाम की समस्या पर चर्चा की और समाधान के लिए सहमति बनाई।

निर्णय के अनुसार, प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक फ्रूट मार्केट में मालवाहक वाहनों के प्रवेश और निकासी पर रोक रहेगी। यह व्यवस्था इसलिए लागू की जा रही है ताकि व्यस्त समय में सड़क पर ट्रकों की आवाजाही कम हो और यातायात सुचारु बना रहे।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि, नई व्यवस्था लागू होने से लालपुर, अमलीडीह और देवपुरी क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों और अन्य वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही, सड़क पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story