कोरबा के जटगा में एनएच-130 पर तीन वाहन भिड़े, चार घंटे तक लगा जाम

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा के जटगा में एनएच-130 पर तीन वाहन भिड़े, चार घंटे तक लगा जाम


कोरबा के जटगा में एनएच-130 पर तीन वाहन भिड़े, चार घंटे तक लगा जाम


काेरबा, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार सुबह करीब 7 बजे तीन वाहनों की टक्कर से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। हादसे में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान यात्री बसों सहित बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर सरिया लोड कर हाईवे किनारे खड़ा था। बताया गया कि वाहन खराब होने के कारण उसे सड़क किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक भारी वाहन ने खड़े ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कुछ देर बाद पीछे से आ रहा तीसरा वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों से जा भिड़ा। लगातार हुई टक्करों में तीनों वाहनों को क्षति पहुंची।

हादसे में एक ट्रेलर चालक को चोट आई, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद एनएच-130 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। चार पहिया वाहनों के साथ भारी वाहन और यात्री बसें भी जाम में फंस गईं। कई यात्रियों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा।

सूचना मिलते ही जटगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया। पुलिस की मशक्कत के बाद वाहनों को सड़क से हटाया गया और करीब चार घंटे बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, स्थानीय लोगों ने हाईवे पर खराब होकर खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसे वाहनों के आसपास पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पेट्रोलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story