धनतेरस-दीपावली पर जगदलपुर में आवागमन के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

WhatsApp Channel Join Now
धनतेरस-दीपावली पर जगदलपुर में आवागमन के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी


जगदलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। निगम क्षेत्र अंर्तगत आगामी धनतेरस (06 नवंबर) और दीपावली (08 नवंबर) के पावन पर्व पर शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस बस्तर ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। 06 से 08 नवंबर तक लागू रहने वाली इस व्यवस्था के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं।

अनुपमा चौक, आकांक्षा होटल रोड, अग्रसेन चौक, संजय मार्केट और मिताली चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए चावल लाईन रोड में पार्किंग तय की गई है, जबकि चांदनी चौक, न्यू नरेन्द्र टॉकिज, गोल बाजार, एमएलबी स्कूल और संजय मार्केट की गाड़ियों को हाथा ग्राउंड तथा जिला शिक्षा कार्यालय के सामने स्थित बस्तर हाई स्कूल ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा।

इसी प्रकार अनुपमा चौक, अग्रसेन चौक और गुरु गोविंद सिंह चौक के वाहनों के लिए विवेकानंद स्कूल मैदान, एसबीआई चौक, बस्तर क्लब और बली राम चौक से आने वाले वाहनों हेतु कोतवाली चौक नगर निगम अंडरग्राउंड पार्किंग व जेल रोड, तथा दुर्गा चौक व बलीराम चौक के वाहनों के लिए ठाकुर रोड स्थित सुधीर जैन का बाड़ा निर्धारित किया गया है। स्टेट बैंक चौक और चांदनी चौक के वाहनों को प्रतापदेव वार्ड में कन्हैया बीकानेर के पास खाली मैदान में जगह दी जाएगी, वहीं लालबाग मैदान में लगने वाली पटाखा दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के लिए मैदान के किनारे ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

दीपावली पर्व के दौरान अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए संजय मार्केट से मिताली चौक, मिताली चौक से दंतेश्वरी मंदिर और मिताली चौक से गोल बाजार मार्ग पर आवश्यकतानुसार दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित रखा जाएगा। ऐसी स्थिति में यातायात को सुचारू रखने के लिए वाहनों को अग्रसेन चौक, न्यू नरेन्द्र टॉकिज रोड, मिताली चौक से मेन पोस्ट ऑफिस रोड, बली राम चौक से दलपत सागर तथा गोल बाजार चौक से एम.एल.बी. स्कूल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

इसके साथ ही, 06 से 08 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 07:00 बजे से लेकर रात्रि 24:00 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश व निकास पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान जगदलपुर से सुकमा और दंतेवाड़ा जाने वाले भारी वाहनों को आड़ावाल-तेलीमारेंगा बाईपास रोड से होकर गुजरना पड़ेगा, हालांकि यात्री बसों को उनके निर्धारित मार्गों पर चलने की अनुमति रहेगी और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस रोक से पूरी तरह छूट दी गई है।

पर्व के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छोटे व्यापारी अक्सर सड़क किनारे फल, फूल और पूजन सामग्री की अस्थाई दुकानें लगाते हैं। इस स्थिति में यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसे लेकर यातायात पुलिस बस्तर ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को चिन्हित व निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, जिससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुगम व सुरक्षित बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story