राज्य के मंच पर हुनर दिखाएंगी धमतरी की 20 बेटियां, संकेतों से सीख रहीं योग की बारीकियां
धमतरी, 21 अगस्त (हि.स.)। सुनने और बोलने में असमर्थता इनके हौसले की राह में बाधा नहीं बनी। सांकेतिक भाषा, इशारों और लगातार अभ्यास के दम पर धमतरी की 20 बेटियां अब राज्य स्तरीय मंच पर अपने योग कौशल का प्रदर्शन करने तैयार हैं।
शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय की ये छात्राएं पहली बार राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में द्वितीय राज्य स्तरीय पैरा योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 22 और 23 अगस्त को रायगढ़ के अग्रोहा धाम में होगा, जिसमें प्रदेशभर से 100 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे।
धमतरी की छात्राएं श्रवण बाधित वर्ग में ट्रेडिशनल योगासन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाली 20 छात्राएं कक्षा आठवीं से दसवीं तक अध्ययनरत हैं। इनमें 16 बालिकाएं 17 वर्ष तक और चार बालिकाएं 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की हैं। धमतरी जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव भोजेंद्र साहू की पहल पर छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्नत योग प्रशिक्षक उमराव साहू पिछले डेढ़ से दो महीने से रोजाना करीब दो घंटे छात्राओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। मौखिक निर्देशों के बजाय आसनों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन और संकेतों-इशारों के माध्यम से उन्हें योग की मुद्राएं, संतुलन, एकाग्रता और तकनीक समझाई जा रही है। स्पेशल एजुकेटर दुर्गा साहू सांकेतिक भाषा के जरिए प्रशिक्षक और छात्राओं के बीच संवाद की कड़ी बनी हैं।
विद्यालय की अधीक्षक उमा देवांगन ने बताया कि, पढ़ाई के साथ खेलकूद और योग जैसी गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्नत योग प्रशिक्षक उमराव साहू ने बताया कि, श्रवण बाधित बालिकाओं को योग से जोड़ना उनके स्वास्थ्य, संतुलन, एकाग्रता और आत्मविश्वास के लिए बेहद उपयोगी है। नियमित अभ्यास से छात्राओं में अनुशासन और शारीरिक नियंत्रण के साथ प्रतियोगिता को लेकर उत्साह भी बढ़ा है। 22 अगस्त को धमतरी की ये 20 बेटियां रायगढ़ के लिए रवाना होंगी और 23 अगस्त को राज्य के मंच पर अपने योग कौशल का प्रदर्शन कर धमतरी का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

