मोबाइल खरीदने पर कार-बाइक-ट्रैक्टर देने के ऑफर पर व्यापारियों ने कलेक्टर से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल खरीदने पर कार-बाइक-ट्रैक्टर देने के ऑफर पर व्यापारियों ने कलेक्टर से की शिकायत


कोंडागांव, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले में मोबाइल खरीदने पर कार, बाइक, ट्रैक्टर, स्कूटी और साइकिल जैसे इनाम देने के ऑफर प्रचारित किए जा रहे हैं। इन योजनाओं को लेकर शहर के छोटे और मध्यम मोबाइल कारोबारियों ने सवाल उठाए हैं। व्यापारियों ने साेमवार काे कलेक्टर से इन ऑफर की शर्तों, पारदर्शिता और टैक्स नियमों की जांच कराने की मांग की है।

व्यापारियों ने कहा कि उन्हें किसी के कारोबार करने या प्रतिस्पर्धा से परेशानी नहीं है, लेकिन व्यापार के नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इन योजनाओं की शर्तों, पारदर्शिता और टैक्स नियमों की जांच कराने की मांग की है। दुकानों के विज्ञापनों में मोबाइल खरीदने पर लाखों रुपये के इनाम देने के दावे किए जा रहे हैं। इससे ग्राहक आकर्षित हो रहे हैं। व्यापारियों का सवाल है कि इतने महंगे इनामों का खर्च कौन उठा रहा है और क्या ग्राहकों को ऑफर की सभी शर्तें साफ-साफ बताई जा रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि मोबाइल की कीमत कुछ हजार रुपए से लेकर लाखों रुपये तक होती है। ऐसे में इनामों की कीमत का हिसाब कैसे निकाला जा रहा है? क्या इनका खर्च मोबाइल की कीमत में जोड़ा जा रहा है? बड़े इनामों के प्रचार से ग्राहक दूसरी दुकानों की ओर जा रहे हैं। इससे स्थानीय छोटे दुकानदारों के लिए प्रतिस्पर्धा में टिकना मुश्किल हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story