धान रकबे के अनुसार मिलेंगे टोकन, कम धान लाने पर समाप्त हो जाएगा शेष कोटा

WhatsApp Channel Join Now
धान रकबे के अनुसार मिलेंगे टोकन, कम धान लाने पर समाप्त हो जाएगा शेष कोटा


जगदलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। धान खरीद की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से तुंहर टोकन मोबाइल ऐप में कई बड़े नीतिगत बदलाव किए गए हैं। नई व्यवस्था के तहत किसानों को उनकी भूमि के रकबे के आधार पर टोकन जारी किए जा रहे हैं। इसमें सीमांत किसानों यानी दो एकड़ से कम भूमि वाले कृषकों को केवल एक ही टोकन की सुविधा मिलेगी और उन्हें अपनी पूरी उपज एक ही बार में लानी होगी।

वहीं दो से दस एकड़ तक के लघु किसानों को दो टोकन मिलेंगे, जिसमें वे 50-50 प्रतिशत के अनुपात में धान बेच सकेंगे। दस एकड़ से अधिक रकबे वाले बड़े किसानों को अधिकतम तीन टोकन दिए जाएंगे, जिसके तहत धान की बिक्री क्रमशः 34 प्रतिशत, 33 प्रतिशत और 33 प्रतिशत की मात्रा में विभाजित रहेगी।

उक्त डिजिटल प्रक्रिया के तहत टोकन प्राप्त करने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन होना अनिवार्य कर दिया गया है। टोकन जारी करने की यह सुविधा रविवार से शुक्रवार तक सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे के बीच उपलब्ध रहेगी, जिसके जरिए किसान आगामी 30 दिनों तक के लिए अग्रिम टोकन बुक कर सकते हैं। कुल धान खरीद के लिए 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से जारी किए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन उपार्जन समितियों के स्तर पर किसानों की सहमति से काटे जाएंगे। व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए किसानों से अपील की गई है कि वे ऐप पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही अपनी सुविधा अनुसार टोकन कटवाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story