बलरामपुर : कलेक्ट्रेट के बाहर सामुदायिक शौचालय की बदली तस्वीर, महिला स्व-सहायता समूह संभालेंगे संचालन

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : कलेक्ट्रेट के बाहर सामुदायिक शौचालय की बदली तस्वीर, महिला स्व-सहायता समूह संभालेंगे संचालन


बलरामपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर स्थित सामुदायिक शौचालय में पानी की कमी, साफ-सफाई और अव्यवस्था की शिकायत सामने आने के बाद बलरामपुर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर, आज शनिवार शौचालय की साफ-सफाई, मरम्मत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर उपयोग के लिए बेहतर बनाया गया।

कलेक्टर के निर्देश मिलते ही संबंधित अधिकारियों ने शौचालय में नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की। परिसर के भीतर और बाहर सफाई कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पर्यावरण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शौचालय परिसर के आसपास पौधरोपण कर सौंदर्यीकरण भी किया गया।

जनपद पंचायत बलरामपुर के सीईओ ने बताया कि सामुदायिक शौचालय के नियमित संचालन, साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इससे शौचालय की नियमित देखरेख और स्वच्छता बनी रहेगी। साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका का अवसर भी मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story