हर घर तिरंगा अभियान के तहत रामानुजगंज में निकली तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान के तहत रामानुजगंज में निकली तिरंगा यात्रा


बलरामपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रामानुजगंज में आज बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। पतंजलि योग शिक्षा कायाकल्प के संचालक डॉ. ज्ञानेंद्र वाजपेयी और आरती वाजपेयी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के भाव के साथ तिरंगा लेकर लोगों ने नगर का भ्रमण किया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत राम मंदिर से हुई। इसके बाद यात्रा गांधी चौक, पीपल चौक, मध्य बाजार, भारत माता चौक और लरंगसाय चौक होते हुए वापस गांधी चौक पहुंची। रास्ते में लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।

गांधी चौक पहुंचने के बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके साथ ही तिरंगा यात्रा का विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को स्वल्पाहार का वितरण किया गया।

आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए भी प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story