कमिश्नर क्षत्रिय ने दिए बारिश के मद्देनजर जलभराव एवं निर्माण कार्यों पर विशेष निगरानी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कमिश्नर क्षत्रिय ने दिए बारिश के मद्देनजर जलभराव एवं निर्माण कार्यों पर विशेष निगरानी के निर्देश


रायगढ़ , 17 अगस्त (हि.स.)। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय की ने सोमवार को समय-सीमा (टाइम लिमिट) बैठक ली । बैठक में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त नागरिक शिकायतों एवं आवेदनों के निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान 50 से अधिक लंबित आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि गुणवत्ता युक्त एवं संतुष्टिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीजीएन, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें तथा निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदक तक भी अनिवार्य रूप से पहुँचाने के साथ ही ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर निराकरण की जानकारी और आवश्यक विवरण तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए गए। इससे शिकायतों के निराकरण की ऑनलाइन स्थिति भी अद्यतन रहेगी।

बैठक में निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने संबंधित इंजीनियरों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्यों में स्वाभाविक रूप से व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में जब भी मौसम खुला हो और कार्य करने के लिए अनुकूल समय उपलब्ध हो, उस अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों में गति दिखनी चाहिये। इस दौरान उन्होंने किसी भी कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही।

उन्होंने सभी संबंधित इंजीनियरों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप हो। कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखते हुए मौसम अनुकूल होते ही उपलब्ध कार्य दिवसों का सदुपयोग कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बैठक में आपदा प्रबंधन एवं जलभराव की स्थिति पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें तथा पूर्व से चिन्हित जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से नजर रखें।

उन्होंने बारिश के दौरान शहर के नाला-नालियों में पानी की निकासी किसी भी स्थिति में अवरुद्ध नहीं हो यह सुनिचित करने की बात कही। जहां कहीं भी जल निकासी में बाधा उत्पन्न होने की संभावना हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के साथ नालियों एवं नालों में अवरोध की स्थिति पाए जाने पर तत्काल सफाई कराकर पानी की निकासी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त श्री क्षत्रिय ने अधिकारियों-कर्मचारियों शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित होने पर संबंधित क्षेत्र में त्वरित रूप से पहुंचकर पानी निकासी एवं राहत कार्य सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए निगम का मैदानी अमला लगातार सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रखे। जलभराव की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचकर आवश्यक संसाधनों के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था करें और समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

आयुक्त श्री क्षत्रिय ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story