कोरबा : कलेक्टर ने दी राजस्व प्रकरणों में देरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, विभागों को दिए कई अहम निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : कलेक्टर ने दी राजस्व प्रकरणों में देरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, विभागों को दिए कई अहम निर्देश


कोरबा, 21 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पीएमओ-पीजी, मुख्यमंत्री जनदर्शन और अन्य महत्वपूर्ण मामलों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित एवं अविवादित राजस्व प्रकरणों, त्रुटि सुधार, सीमांकन और ई-कोर्ट के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक और बकेट क्लेम की प्रगति तेज करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग, नगरीय निकायों और राजस्व विभाग को शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व मामलों में प्रतिवेदन के साथ प्रकरण क्रमांक दर्ज करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में क्रेडा को 30 जुलाई तक ग्राम पंचायतों के समन्वय से खराब सोलर ड्यूल पंपों की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आवश्यक सुधार कार्य किए जा सकें।

कलेक्टर ने शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली विद्यार्थियों की अपार आईडी की अद्यतन सूची प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई और सोमवार तक पूरी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा अहाता-विहीन एवं अहाता युक्त विद्यालयों तथा पेयजल की कमी वाले स्कूलों की सूची भी मांगी गई। स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को भी बोर की कमी वाले संस्थानों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ प्रेमलता यादव, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, सहायक कलेक्टर तरुण कुमार किरण, विशाल जायसवाल सहित सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story