सुकमा जिला मुख्यालय के पास मुरतोंडा-तुंगलबांध के जंगल में मिले बाघ के पद चिन्ह

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा जिला मुख्यालय के पास मुरतोंडा-तुंगलबांध के जंगल में मिले बाघ के पद चिन्ह


सुकमा, 29 सितंबर (हि.स.)। सुकमा जिला मुख्यालय के करीब मुरतोंडा और तुंगलबांध के जंगलों में बाघ के पद चिन्ह मिलने से एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। इसी इलाके में कुछ जानवरों पर बाघ के हमले की सूचना भी मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जंगल में बाघ के दहाड़ने की आवाज भी सुनी है।

इन सूचनाओं के बाद वन विभाग का अमला बाघ की तलाश के लिए ट्रैकिंग कर रहा है। वन विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जंगल में 15 कैमरा ट्रैप लगाए हैं। हालांकि अब तक किसी भी कैमरे में बाघ की तस्वीर कैद नहीं हुई है। फिलहाल वन विभाग पद चिह्नों के आधार पर उसकी संभावित लोकेशन तलाश रहा है।

वन विभाग की टीम जंगल के अलग-अलग हिस्सों में निगरानी कर रही है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही है। बाघ की मौजूदगी की सूचना को देखते हुए वन विभाग ने आस-पास के ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल में अकेले नहीं जाने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि बाघ दिखाई देने या उसकी गतिविधि से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। ग्रामीणों को बाघ के पीछे जाने, उसे देखने के लिए भीड़ लगाने या किसी तरह से परेशान करने से बचने की सलाह दी गई है। विभाग उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। अब जिला मुख्यालय के करीब पदचिन्ह मिलने की जानकारी के बाद संभावित बाघ विचरण क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

सुकमा डीएफओ अक्षय कुमार भोंसले ने आज बताया कि क्षेत्र में बाघ के पद चिन्ह मिले हैं। इसके बाद वन विभाग की पूरी टीम उसकी ट्रैकिंग में जुटी हुई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से सावधानी बरतने और वन विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story