पखांजूर में मिले पदचिह्न बाघ के, सड़क किनारे बाघ की मौजूदगी का वीडियो आया सामने
कांकेर, 17 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाके में बाघ की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पखांजूर क्षेत्र के सीमावर्ती महाराष्ट्र इलाके में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई है। वहीं, कांकेर जिले के पी.व्ही.-19 गांव में भी बाघ के पदचिह्न मिलने और एक गाय का शिकार किए जाने के बाद साेमवार काे बाद बाघ की मौजूदगी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह सड़क किनारे नजर आ रहा है।
घटना के बाद छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, दोनों राज्यों का वन अमला सतर्क हो गया है। वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। हालांकि, कांकेर जिले की सीमा के भीतर बाघ की मौजूदगी पहले इस तरह सामने नहीं आई थी। अब जिले के अंदर तक बाघ के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है।
वन विभाग के अनुसार पखांजूर क्षेत्र के पी.व्ही.-19 गांव में मिले पदचिह्न बाघ के ही हैं। इसी इलाके में बाघ द्वारा एक गाय का शिकार किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसके बाद आस-पास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने और बाघ की संभावित मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। वन विभाग का कहना है कि बाघ की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल या सुनसान इलाकों में अकेले न जाएं और बाघ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसका पीछा करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
मिली जानकारी के अनुसार पखांजूर सीमा से लगे महाराष्ट्र के दोढाडा गांव में जंगल की ओर गए ग्रामीण हरीलाल वड्डडे पर बाघ ने हमला कर दिया, हमले में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में ग्रामीणों के बीच भय व्याप्त है। बाघ की मौजूदगी की पुष्टि उस समय और पुख्ता हो गई, जब सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने कार के अंदर से सड़क किनारे खड़े बाघ का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने भी क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र का यह इलाका बाघ कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

