कोरबा : तेज आंधी-तूफान बना काल: पेड़ की डाल गिरने से तीन युवकों की मौत
कलेक्टर ने राहत सहायता के दिए निर्देश
कोरबा, 31 मई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के काेरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरका दांड में शनिवार शाम प्रकृति का कहर तीन परिवारों पर टूट पड़ा। तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच एक पेड़ के नीचे शरण लेना तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। अचानक पेड़ की विशाल डाल टूटकर उनके ऊपर आ गिरी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शिवराम टेकाम (14 वर्ष), कमलेश बड़ा (18 वर्ष) और दिनेश तिर्की (17 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी गहरा दुख और संवेदना का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को तत्काल राहत एवं सहायता संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार भूषण मंडावी, नायब तहसीलदार सुजीत पाटले एवं राजस्व अमला प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचा। चिकित्सकीय टीम की मौजूदगी में आज रविवार काे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्धारित राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान पेड़ों तथा अन्य असुरक्षित स्थानों के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

